मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि आजकल मैं हर इंटरव्यू में ये प्रश्न उठा रहा हूं कि प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के बीच में आखिर क्या रिश्ते हैं। मुझे लगता है कि ये प्रश्न उठाने की वजह से मुझ पर हमला कराया गया है। मोदी कह रहे हैं कि हमने आतंकवादियों के घर में घुस कर मारा और पाकिस्तान के पीएम कह रहे हैं कि उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री बनाओ। बहुत खतरनाक खेल चल रहा है। ये साजिश है। जो भी मोदी के खिलाफ बोलेगा उसको बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वो कोई मुख्यमंत्री ही क्यों ना हो।
दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा
केजरीवाल ने कहा कि उन पर हुए हमले से पहले ही दिल्ली पुलिस का बयान भाजपा हेडक्वार्टर में तैयार कर लिया गया था। हमले के पहले सारी तैयारी कर ली गई थी। दिल्ली पुलिस का बयान कहता है कि थप्पड़ मारने का आरोपी आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता था। जबकि जिस इलाके में आरोपी रहता है वहां लोग उसे भाजपा समर्थक परिवार के रूप में जानते हैं। दिल्ली पुलिस का बयान कहता है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आर्मी के खिलाफ जो बातें कहीं, वो उससे नाराज था। जबकि हमने आज तक सेना का कोई अपमान नहीं किया। हम तो आर्मी की बहुत इज्जत करते हैं। आर्मी का जो अपमान मोदी जी ने किया है वैसा आज तक किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया है।