तीन राज्यों को जोड़ने वाली सड़क बनी ''''''''मौत का रास्ता'''''''', गहरे गड्ढों से रोज हो रहे हादसे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। तीन राज्यों को जोड़ने वाली पिनगवां की मुख्य सड़क विभागीय लापरवाही का शिकार होकर अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। कस्बे में यस्सी हॉस्पिटल के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढे हर दिन किसी न किसी हादसे को न्योता दे रहे हैं। हालात यह हैं कि वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। शनिवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि पिनगवां करीब दो दर्जन से अधिक गांवों का प्रमुख व्यापारिक और स्वास्थ्य केंद्र है। रोजाना हजारों लोग खरीदारी, इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण हर सफर डर और खतरे से भरा हुआ है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा तक नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले पशुओं के चारे से भरा एक वाहन गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गया था। हादसे में पीछे से आ रहा एक बाइक सवार वाहन के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हाल ही में एक अन्य युवक गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। ऐसे छोटे-बड़े हादसे अब यहां आम बात बन चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को शिकायत देने और सड़क की तस्वीरें भेजने के बावजूद आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, जबकि समय रहते सड़क की मरम्मत कर कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
-
विभाग पहले भी इस सड़क की मरम्मत करा चुका है। उन्होंने कहा कि सड़क पर कीचड़ और जलभराव का मुख्य कारण आसपास के घरों से निकलने वाला पानी है, जिसकी शिकायत थाना पिनगवां में भी की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान कर जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। फिलहाल स्थानीय लोग प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
- प्रदीप सिंह सिंधू, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग नूंह।
-
यह सड़क हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इतनी व्यस्त सड़क की ऐसी बदहाली विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
- मास्टर सिराजुद्दीन।
-
रोजाना कोई न कोई हादसा हो रहा है। प्रशासन को अब कागजी कार्रवाई छोड़कर मौके पर आकर हालात देखने चाहिए।
- करण मिस्त्री।
-
सवारी लेकर निकलते समय हर पल डर बना रहता है। गड्ढों के कारण ऑटो पलटने का खतरा बना रहता है और वाहन भी लगातार खराब हो रहे हैं।
- बीर सिंह (ऑटो चालक)
अगर जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा पूरे क्षेत्र को झकझोर देगा। प्रशासन को लोगों की जान से खिलवाड़ बंद कर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
- टेक चंद, स्थानीय निवासी।