फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन बेहाल, पूरी रात जागने को मजबूर रहे ग्रामीण

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

पुन्हाना।
क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शनिवार रात कई गांवों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ी। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं होने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
स्थानीय निवासी जाहिद, सुनील, अजहरूदीन, सतबीर, नौमान आदि का कहना है कि शनिवार रात बिजली कटने के बाद पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं हुई। कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों और कंट्रोल रूम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बिजली नहीं होने के कारण अधिकांश लोगों को घरों से बाहर या छतों पर बैठकर रात बितानी पड़ी। उमस और मच्छरों के कारण लोगों की नींद पूरी तरह प्रभावित रही। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला लगातार जारी है। दिन और रात में कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। बिजली नहीं रहने से पानी की मोटरें नहीं चल पातीं, जिसके कारण कई घरों में पानी का संकट भी पैदा हो जाता है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं और स्कूल-कॉलेज की तैयारी कर रहे छात्र रात के समय पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं छोटे कारोबारी भी बिजली कटौती से परेशान हैं। उनका कहना है कि बार-बार बिजली जाने से उनके काम पर असर पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से न तो कटौती का कोई निर्धारित समय बताया जाता है और न ही उपभोक्ताओं को पहले से कोई सूचना दी जाती है। इससे लोगों को काफी असुविधा होती है। यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली बंद करनी भी पड़े तो विभाग को इसकी पूर्व सूचना जारी करनी चाहिए, ताकि लोग वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन

शनिवार रात में मौसम खराब होने के कारण लाइन में फॉल्ट हो गया था जिसके कारण बिजली की आपूर्ति नहीं हो सकी। ग्रामीण क्षेत्र में सुबह से ही बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। क्षेत्र में शेड्यूल से बिजली की आपूर्ति की जा रही है।
शमीम , एसडीओ बिजली विभाग पुन्हाना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें