दिल्ली के मंडावली रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करने समय दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में डैनी (24) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त शाहरुख उर्फ राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों एक दूसरे के गले में हाथ डालकर ट्रैक पार कर रहे थे। एक ने ईयरफोन लगाया था। जांच के बाद पुलिस ईयरफोन लगाने की बात से इनकार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, डैनी ए-309 भूड़, भरत नगर, रेलवे कॉलोनी, गाजियाबाद में रहता था। शाहरुख उसका पड़ोसी है। दोनों एक ही मकान में ऊपर नीचे रहते हैं। दोनों के परिजन रेलवे में कर्मचारी हैं।
मंगलवार शाम करीब 6:00 बजे दोनों कुछ देर में आने की बात कर घर से निकले थे। इस बीच दोनों मंडावली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास नई दिल्ली की ओर से आई ट्रेन की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों स्टेशन पर बैठे थे। अचानक ट्रैक पार करने लगे। ईयरफोन लगाए होने की वजह से उनको ट्रेन के आने का पता नहीं चला। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया दोनों गाजियाबाद से मंडावली क्या करने आए थे। इसका पता लगाया जा रहा है। डैनी और शाहरुख नोएडा की किसी निजी कंपनी में काम करते थे।