शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के दफ्तर का आवंटन कैंसिल कर दिया। दिल्ली के 206 राउज एवेन्यू पर आम आदमी पार्टी को दफ्तर बनाने का अलॉटमेंट दिया गया था। पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने खबर की पुष्टि की है।
बता दें कि शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट में केजरीवाल सरकार के प्रशासनिक फैसलों में संविधान के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई थी। रिपोर्ट में अरविंद केजरीवाल सरकार में हुई नियुक्तियों और विभिन्न आवंटनों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। तीन सदस्यीय शुंगलू कमेटी ने 404 फाइलों की जांच के बाद कुल 101 पेज की रिपोर्ट तैयार की है।
कमेटी ने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक के सलाहकार पद पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की बेटी की नियुक्ति को असंवैधानिक ठहराया है। वहीं, जैन के ओएसडी पद पर निकुंज अग्रवाह की नियुक्ति को भी गलत बताया है.