उपराज्यपाल अनिल बैजल का मानना है कि आम लोगों, पुलिस व प्रशासन के साझा सहयोग से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हालात सुधर रहे हैं। साथ ही निर्देश दिया है कि सभी सरकारी संस्थाएं आम लोगों के साथ मिलकर अमन चैन कायम रखें। उपराज्यपाल बृहस्पतिवार सुबह उत्तर-पूर्वी जिले के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अमन समितियों के सदस्यों के साथ बैठक की।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त के साथ खजूरी खास, टायर मार्किट, गोकलपुरी, यमुना विहार समेत दूसरे इलाकों को दौरा किया। साथ ही सीलमपुर के डीसीपी दफ्तर में अमन समिति के साथ बैठक की। बैठक में उपराज्यपाल को बताया गया कि विस्थापितों के सामने कई तरह की समस्याएं आ रही हैं।
उपराज्यपाल ने जिला मजिस्ट्रेट को क्षति के आकलन और मुआवजे के काम में तेजी लाने तथा जले घरों व दुकानों की शीघ्र मरम्मत करवाने का निर्देश दिया।
अनिल बैजल ने जोर दिया कि सिविल सोसायटी और सरकारी महकमों के ठोस कोशिशें के साथ हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी व समुदायों की चौकसी से हालात में सुधार हुआ है।
उपराज्यपाल ने अफवाहों पर सख्ती से रोक लगाने की सलाह संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही कहा कि होली त्यौहार को देखते हुए सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने की कोशिश तेज की जाए।