दो से तीन दिन तक जारी रहेगा सर्च ऑपरेशन
इलाके में शनिवार को दिखा तेंदुए का तीन दिन बाद भी कोई पता नहीं लग पाया है। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम का कहना है कि तेंदुआ हो सकता है कि जंगल में वापस चला गया होगा। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनकी टीम पूरे 24 घंटे मौके पर तैनात है। जरूरत पड़ने पर सभी बचाव के उपकरण मौजूद हैं। किसी भी तरह की हलचल होती है, तो टीम तुरंत हरकत में आ जाएगी। दो से तीन दिन तक अभी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
कई लोग दफ्तर नहीं गए, बच्चों को भी स्कूल नहीं भेजा
स्थानीय निवासियों में तेंदुए को लेकर दहशत है। सोमवार को कई लोग दफ्तर भी नहीं गए। बच्चों को भी स्कूल नहीं भेजा। स्थानीय निवासी उदित प्रकाश ने बताया कि जब तक वन्य विभाग पुष्टि नहीं करता है कि तेंदुआ वापस चला गया है तब तक वह घर पर रहेंगे। वहीं, स्थानीय निवासी दिव्या ने बताया कि तेंदुए के खौफ से चलते उन्होंने कॉलेज से अवकाश ले लिया है।
तमाशबीन लोगों की भीड़ बन रही आफत
सैनिक फार्म में जिस इलाके में तेंदुए को देखा गया था, उस इलाके को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है, जबकि कई रास्तों को बंद किया गया है, उसके बावजूद लोग यहां पहुंच रहे हैं। इससे विभाग को लोगों की भीड़ हटाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। विभाग के अधिकारी बार-बार भीड़ हटाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग विभाग के सुरक्षाकर्मियों से ही उलझते नजर आए। यही नहीं, लोग शोर भी कर रहे हैं, जिससे रेस्क्यू करने में विभाग को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।