मोहल्ला भूपेंद्रपुरी में मंगलवार को एक मकान का जर्जर लेंटर गिरने से मकान मालिक विकलांग दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए।
गनीमत रही की विकलांग दंपति के दो बच्चे हादसे से कुछ देर पहले ही कमरे से निकले थे। लेंटर गिरने से घर का सामान टूट गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
भूपेंद्रपुरी गली नबंर तीन में शर्मानंद का मकान है। आर्थिक तंगी के चलते मकान की हालत खराब है। बुधवार दोपहर शर्मानंद एवं उनकी पत्नी पूनम कमरे में बैठे टीवी देख रहे थे और उनके पिता खाना खा रहे थे, तभी कमरे का जर्जर लेंटर भरभराकर नीचे आ गिरा, जिससे शर्मानंद, पूनम व अमर सिंह घायल हो गए।
गंभीर रुप से घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के बाद देर शाम दोनों को छुट्टी दे दी गई। शर्मानंद के दो छोटे बच्चे भी हादसे के समय कमरे से अपने दादा के साथ खाना खा रहे थे, जो हादसे से कुछ क्षण पूर्व ही बाहर खेलने के लिए निकलेे थे।
शर्मानंद व उसकी पत्नी पैरों से विकलांग हैं और दर्जी का काम करके जीवन यापन कर रहे हैं। लेंटर के मलबे में दबकर सिलाई मशीन व अन्य सामान टूट गया।
उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उधर, एसडीएम कृष्णा करुणेश का कहना है कि पीड़ितों की तरफ से कोई प्रार्थना पत्र आएगा तो उनकी यथा संभव मदद की जाएगी।