मध्यप्रदेश निवासी एक महिला कई वर्षों से बुलंदशहर के नरौरा में पति के साथ मजदूरी का काम करती है। उसका कई साल से साथ में ही काम करने वाले मध्यप्रदेश के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी उसके पति को लगी तो उसने पत्नी और उसके प्रेमी को फटकार लगाई। इसके बाद युवक बुलंदशहर को छोड़कर गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर में काम करने के लिए आ गया। उसके बावजूद दोनों फोन पर बातचीत करते थे। शनिवार रात जब महिला का पति और तीन बच्चे सो रहे थे। तब वह प्रेमी से मिलने के लिए निकल गई। देर रात बस के माध्यम से बुलंदशहर में पहुंच गई।
जिसके बाद रविवार सुबह बस में बैठकर दनकौर पहुंची। दिनभर वह अपने प्रेमी को फोन लगाती रही, लेकिन प्रेमी का फोन स्विच ऑफ था। प्रेमी से संपर्क नहीं हो सका तो उसने पुलिस के पास जाकर गुहार लगाई। पुलिस ने बताया कि प्रेमी का फोन स्विच ऑफ होने के चलते पुलिस ने महिला के पति का नंबर उससे लिया। जिसकी जानकारी महिला के पति को दी गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला का पति उसे लेकर अपने साथ चला गया। इस मामले में किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है।