लॉरेंस को दिल्ली लाए जाने की सूचना मिलने के बाद जेल अधिकारियों ने एक बैठक की। इसमें उसकी सुरक्षा को लेकर काफी विचार विमर्श करने के बाद उसे मंडोली जेल भेजने का फैसला लिया गया। लॉरेंस की गोगी गैंग से नजदीकी है और टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद से तिहाड़ जेल में गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। टिल्लू की हत्या के बाद से कई गैंगस्टरों की जेल बदल दी गईं हैं। बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे लॉरेंस बिश्नोई को लेकर गुजरात पुलिस दिल्ली हवाई अड्डे पहुंची।
जहां से स्पेशल सेल की टीम काफी सुरक्षा के बीच उसे लेकर मंडोली जेल लेकर पहुंची। गुजरात पुलिस की एटीएस से लॉरेंस को मादक द्रव्य अधिनियम के एक मामले में सात दिन की रिमांड पर लिया था। रिमांड खत्म होने के बाद उसे साबरमती जेल भेज दिया गया था। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा एक मामले में उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई को एनआईए और पंजाब पुलिस ने अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।