-पश्चिम विहार वेस्ट की वारदात, पुलिस ने तीनों आरोपी को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस ने एक कंपनी के कर्मचारी महावीर से लूटपाट में सहकर्मी नरेश, उसके साथी सचिन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। नरेश ने वारदात की साजिश रची थी। पुलिस ने इनके कब्जे से 4.32 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, जिसे महावीर और नरेश कलेक्शन कर कंपनी कार्यालय ले जा रहे थे।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस को लूटपाट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित महावीर मिला। जिसने बताया कि वह मुंडका स्थित टिंबर कंपनी में 18-19 साल से काम करता है। उसने बताया कि मालिक के कहने पर वह अपने सहकर्मी के साथ मयूर विहार और गाजियाबाद में 4.33 लाख रुपये कलेक्शन करने के बाद कार्यालय जा रहे थे। उसने बताया कि अपनी बाइक खड़ी होने की बात कहकर नरेश भेरा एन्क्लेव छोड़ने के लिए कहा। उसे वहां छोड़ने के बाद वह इंद्र एन्क्लेव जा रहा था। मियांवली इलाके में बाइक सवार एक पुरुष और महिला उनके पीछे से आए और जबरदस्ती उन्हें रोक लिया। पुरुष उनके साथ हाथापाई की, जबकि महिला आरोपी ने बाइक की डिग्गी में रखे पैसे निकाल लिए। उसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस मामला दर्ज कर थाना प्रभारी विश्वनाथ पासवान के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की। जांच में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी जांच की, जिसमें सहकर्मी निहाल विहार निवासी नरेश की भूमिका संदिग्ध दिखी। पुलिस ने नरेश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। जिसमें उसने अपना गुनाह कबूल किया। उसने बताया कि लूटपाट की साजिश उसने पहले ही रची थी। उसने बताया कि बाइक की चाबी उसने मंगोलपुरी निवासी परिचित सचिन को सौंप दी थी। सचिन ने पत्नी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर सचिन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।