पाकिस्तान के लाहौर स्थित शाहदरा चौक पर बुधवार को टैंकर पलटने से हुए एलपीजी गैस रिसाव को दिल्ली की घटना बताकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने का प्रयास किया। वीडियो दिल्ली के शाहदरा जिले में लोगों के बीच पहुंच गया और उनके बीच हड़कंप मच गया। गैस लीक होने की सूचना पुलिस को दी गई। वीडियो की पड़ताल करने पर वह पाकिस्तान में हुई घटना से जुड़ा निकला। इसके बाद पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
शाहदरा जिले के एक पेट्रोल पंप पर एलपीजी गैस टैंकर पलटने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। यह वीडियो पुलिस को भी लोगों ने भेजकर घटना की पुष्टि करने की अपील की। वीडियो देखकर कुछ देर के लिए पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए, लेकिन कुछ देर बात ही वीडियो को फर्जी पाया गया।
जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान के लाहौर में एक टैंकर के पलटने से यह घटना हुई थी, जिसे दिल्ली का बताकर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। पुलिस की ओर से ट्वीट कर पूरी घटना का खंडन किया गया है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।