निजी कंपनी से सेवानिवृत्त 68 साल के अधिकारी को हनी ट्रैप में फंसाने वाली युवती को कासना कोतवाली पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि युवती ने जो दो लाख रुपये की मांग की थी वह ब्लैकमेलिंग की पहली किस्त थी। युवती ने बुजुर्ग के परिजनों को दिखाने का डर दिखाकर बार-बार ब्लैकमेल करने की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग यह सोचकर परेशान था कि अगर वह युवती को एक बार रुपये दे भी देगा तो इसका क्या भरोसा है कि वह दोबारा उसे ब्लैकमेल नहीं करेगी। इसके चलते उसने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस पड़ताल में भी यह सामने आया है कि युवती ने बुजुर्ग से दो लाख रुपये पहली किस्त के रूप में मांगे थे। उसकी योजना थी कि वह आगे भी इसी तरह बुजुर्ग को ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठती रहेगी लेकिन पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
युवती के मोबाइल से मिले नंबरों की जांच शुरू
पुलिस युवती के मोबाइल में मिले कुछ नंबरों की पड़ताल कर रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि युवती एनसीआर में सक्रिय हनी ट्रैप गिरोह की सदस्य हो सकती है। इसलिए पुलिस उसके मोबाइल की सीडीआर की भी पड़ताल कर रही है।
ये था पूरा मामला
मूलरूप से कानपुर निवासी युवती जोया और बुजुर्ग की मुलाकात मार्च में हुई थी। युवती ने किराये पर फ्लैट दिलाने का बहाना बनाकर संपर्क साधा और नजदीकियां बढ़ाती चली गई। आरोप है कि युवती ने एक दिन बुजुर्ग को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर अश्लील वीडियो बना ली और बुजुर्ग को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परेशान होकर बुजुर्ग ने कासना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस के कहने पर युवती को दो लाख रुपये देने झांसा देकर नोएडा के सेक्टर-18 मार्केट बुलाकर गिरफ्तार करा दिया।