साइबर सिटी में धीरे-धीरे नोटबंदी का असर छोटे से लेकर बड़े उद्योगों पर पड़ता दिखाई दे रहा है। रोजाना के खर्च के लिए भी उन्हें तंगी का सामना करना पड़ रहा है। सूक्ष्म व छोटे उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारी बेरोजगारी के कगार पर पहुंच गए हैं।
अगर हालात नहीं सुधरे तो उन्हें काफी परेशानी हो सकती है। इस प्रकार के कई उद्योगों ने अपने कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया है। नोटबंदी के बाद से दुपहिया वाहनों व कारों की डिमांड में काफी कमी आई है। इस कारण कंपनियों में उत्पादन प्रभावित होने लगा है। गुरुग्राम की कई बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों के उत्पादन पर भी प्रभाव पड़ है।
एक बड़ी कंपनी के अधिकारी ने बताया कि उत्पादन में करीब 20 फीसदी तक की गिरावट आई है। ऐसी स्थिति में छुट्टी भी एडजेस्ट की जा रही है। कर्मचारियों और कंपनियों को अपने छोटे-छोटे खर्च के लिए भी परेशान होना पड़ा रहा है।