-अलीपुर इलाके में पाम ग्रीन रिसार्ट में घटना, पुलिस ने दर्ज किया लापरवाही से मौत का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर स्थित पाम ग्रीन रिसार्ट में निर्माणाधीन इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। अन्य मजदूरों ने घायल को तुरंत नरेला स्थित राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अलीपुर थाना पुलिस ने रिसार्ट मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 26 जुलाई को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल से एक युवक को मृत अवस्था में लाए जाने की जानकारी मिली। उसकी शिनाख्त 35 साल के मोहन के रूप में हुई। वह अलीपुर स्थित पाम ग्रीन रिसार्ट में रहता था। उसे घायल अवस्था में उसके मामा बीरचंद अस्पताल लेकर आए थे।
उसके मामा ने बताया कि मोहन अलीपुर के बकोली स्थित पाम ग्रीन रिसार्ट में पांचवीं मंजिल पर निर्माण कार्य कर रहा था। इस दौरान वह संदिग्ध हालत में नीचे गिर गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों का बयान दर्ज किया है। साथ ही रिसार्ट मालिक से भी पूछताछ कर कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है। साथ ही इस बात की भी जांच कर रही है कि काम करने के दौरान मजदूरों को सुरक्षा उपकरण मुहैया करवाए गए थे या नहीं।
-
राजीव कुमार