सेक्टर-110 के सीवर में सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत पर नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल कास्ट और सफाई कर्मचारी आयोग ने नोएडा प्राधिकरण व पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। आयोग के पत्र में मौतों से जुड़ी घटना की विस्तृत ब्योरा और इस पर कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल, बृहस्पतिवार को सेक्टर-110 के मेन सीवर में सफाई के दौरान एक मजदूर नीचे गिर पड़ा। इसके बाद उसे बचाने के चक्कर में दो और मजदूरों सहित तीनों को जान गंवानी पड़ी। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और ओएसडी राजेश सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण को नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल कास्ट का पत्र मिला।
इसमें प्राधिकरण से मामले में कई सवाल पूछे गए हैं। आयोग ने पूछा है कि इस मामले में कितना मुआवजा दिया गया। इसके अलावा जांच की कैसी कवायद चल रही है। कानून के मुताबिक नोएडा प्राधिकरण सीवर की सफाई के दौरान क्या सावधानियां बरतता है। यही नहीं इस मामले में एफआईआर कराई गई है या नहीं। लिहाजा, प्राधिकरण की ओर से जांच की गति तेज कर दी गई है। जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट का दबाव बढ़ गया है।
मैनुअल तरीके से सफाई पर रोक
नोएडा प्राधिकरण ने भविष्य में मैनुअल तरीके से सफाई पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में मैनुअल तरीके से सीवर की सफाई पर पहले से ही रोक थी। अब यह जांच का विषय है कि एक मजदूर सीवर के अंदर कैसे गया। इससे पहले नोएडा प्राधिकरण यह कहता आया है कि सीवर की सफाई के लिए मशीनें मंगाई गई हैं और मैनुअल तरीके से सीवर की सफाई की जरूरत नहीं है। लेकिन फिर इस मामले में ऐसा क्या हुआ कि मजदूरों की दर्दनाक मौत सीवर में हो गई। इस बाबत जांच के बाद ही असलियत सामने आ पाएगी।