नई दिल्ली। क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) ने आज जंतर-मंतर पर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से होने वाले विरोध प्रदर्शन को समर्थन दिया है। संगठन के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मतदाता सूची से नाम हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।
केवाईएस ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के जरिये देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हुए हैं। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सत्तारूढ़ सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए इसे वोट चोरी बताया। संगठन के अनुसार, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ आंदोलन तेज हो रहा है और कई जनवादी संगठन एकजुट हो रहे हैं। केवाईएस की राष्ट्रीय प्रवक्ता मुदिता ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और विरोध करने के अधिकार को बनाए रखने के लिए विपक्षी और जनवादी संगठनों की एकजुटता जरूरी है। संगठन ने अन्य संगठनों और लोगों से भी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।