फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan Live: राकेश टिकैत ने पीएम मोदी के संबोधन की बातों को बताया झूठ, कहा- हमें 500 की भीख नहीं एमएसपी का हक चाहिए

Fri, 18 Dec 2020 06:24 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन 23वें दिन में प्रवेश कर गया है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने किसान आंदोलन में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के किसानों के साथ संवाद किया हालांकि उसके बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने पीएम की अधिकतर बातों को झूठ बताया और कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र का भी निजीकरण करना चाहती है, यहां पढ़ें पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
गाजीपुर बॉर्डर पर किसान नेता - फोटो : प्रभात पांडेय
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:54 PM, 18-Dec-2020

कृषि क्षेत्र में सुधार की जरूरत है: सीताराम येचुरी

कृषि क्षेत्र में सुधार की जरूरत है। हमने मैनिफेस्टो में जो बातें रखी हैं उसको सरकार ने लागू नहीं किया... सैकड़ों किसान यहां पर बैठे हैं, क्या वे नहीं समझते उनकी भलाई में क्या है? कृषि कानूनों को वापिस लीजिए। ये कानून किसान का साथ नहीं देते हैं: CPI-M के महासचिव सीताराम येचुरी

05:52 PM, 18-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पहुंची अभिनेत्री स्वरा भास्कर

बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसानों के प्रदर्शन में शामिल हुईं। उन्होंने अपनी कुछ फोटो ट्विटर पर शेयर की हैं। साथ ही अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'एक नम्रता देने वाला दिन, प्रदर्शनकारी किसानों और बुजुर्गों का धैर्य, संकल्प और दृढ़ता देखने के लिए।'

05:20 PM, 18-Dec-2020

खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि एमएसपी पर एक कानून लागू करने की जरूरत है: सुरजेवाला

खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि एमएसपी पर एक कानून लागू करने की जरूरत है। तो फिर मोदीजी मोदीजी की बात क्यों नहीं सुनते: रणदीप सुरजेवाला, कांग्रेस

विज्ञापन
05:17 PM, 18-Dec-2020

मोदी सरकार अब ईस्ट इंडिया कंपनी से भी बड़ी व्यापारी कंपनी बन गई हैः सुरजेवाला

किसान 21 दिन से सर्दी में, लाखों की संख्या में, दिल्ली के चारों तरफ न्याय की गुहार लगा रहे हैं। मोदी सरकार अब ईस्ट इंडिया कंपनी से भी बड़ी व्यापारी कंपनी बन गई है। जो किसान की मेहनत की गंगा को मैली कर मुट्ठी भर पूंजीपतियों को पैसा कमवाना चाहती है: रणदीप सुरजेवाला, कांग्रेस

05:11 PM, 18-Dec-2020

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि, किसान 21 दिन से सर्दी में, लाखों की संख्या में, दिल्ली के चारों तरफ न्याय की गुहार लगा रहे हैं। मोदी सरकार अब ईस्ट इंडिया कंपनी से भी बड़ी व्यापारी कंपनी बन गई है। जो किसान की मेहनत की गंगा को मैली कर मुट्ठी भर पूंजीपतियों को पैसा कमवाना चाहती है।

विज्ञापन
04:57 PM, 18-Dec-2020

अब किसान करेंगे हल क्रांति, हल से हल निकलेगा

यूपी गेट पर 22वें दिन भी किसान डटे रहे। राकेश टिकैत ने कहा कि अब हल क्रांति होगी। हल से निकलेगा हल, बातचीत से हल नहीं निकल सका तो बंजर दिल्ली को हल से जोत देंगे। उन्होंने कहा कि कृषि कानून वापस लेने और एमएसपी पर खरीद गारंटी की मांग पर किसान डटे रहेंगे, अगर सरकार स्वामीनाथन की रिपोर्ट को भी लागू कर दे तो यह और अच्छी बात होगी। हालांकि स्वामीनाथन की रिपोर्ट को लागू करने का सरकार का दावा सरासर झूठा है।

04:45 PM, 18-Dec-2020

वीएम सिंह ने साझा किया भाकियू के साथ मंच, नाराजगी हुई दूर

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने शुक्रवार को नाराजगी दूर करते हुए यूपी गेट पर भाकियू के मंच को साझा किया। इसी के साथ वीएम सिंह ने अपना मंच आज से खत्म कर दिया है। गौरतलब है कि संयुक्त किसान मोर्चा ने वीएम सिंह आंदोलन से अलग बता दिया था जिसके बाद वीएम सिंह अलग मंच बनाकर आंदोलन कर रहे थे।

04:02 PM, 18-Dec-2020

स्मृति ईरानी ने मेरठ से साधा राहुल गांधी पर निशाना

भारतीय जनता पार्टी के किसान सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में आई केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जिन लोगों ने 70 साल में सिर्फ किसानों का उत्पीड़न किया है, वह आज अपनी राजनीतिक भूमि की शक्ति देख उनके हित का ढोंग रच रहे हैं। मेरठ में आयोजित भाजपा किसान सम्मेलन में स्मृति ईरानी के मुख्य निशाने पर कांग्रेस रही। उन्होंने कहा कि मिर्च हरी होती है या लाल, संसद में राहुल गांधी यह तय नहीं कर पाते। उन्हें खेती-किसानी की जानकारी कैसी है, यह किसान भाई समझ सकते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसान बिल को लेकर विपक्षी नेता कह रहे हैं कि जिन्हें खेती-किसानी की जानकारी नहीं वह लोग बिल तैयार कर रहे हैं, तो मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि राहुल गांधी क्या किसान हैं? सोनिया गांधी क्या किसान हैं? इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेठी में किसानों की क्या दुर्दशा रही और 50 साल तक एक ही परिवार वहां पर राज करता रहा लेकिन आज वहां का किसान खुशहाली की तरफ बढ़ रहा है।

03:15 PM, 18-Dec-2020

कांग्रेस नेता और मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने किया भोजन वितरित

कांग्रेस नेता और मुक्केबाज, विजेंद्र सिंह ने टिकरी बॉर्डर पर किसानों के विरोध प्रदर्शन स्थल पर जमींदारा छात्र संगठन (JSO) द्वारा आयोजित लंगर में भोजन वितरित किया। उन्होंने कहा 'हम यहां अपने देश के किसानों की सेवा के लिए हैं। हमारी लड़ाई सरकार के खिलाफ नहीं बल्कि 3 काले कानूनों के खिलाफ है।'
 

 

02:48 PM, 18-Dec-2020

500 रुपये महीना की भीख नहीं समर्थन मूल्य का हक चाहिएः राकेश टिकैत

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हमें 500 रुपये महीना की भीख नहीं समर्थन मूल्य का हक चाहिए। यूरिया का 5 किलो वजन घटाया जिससे किसान का नुकसान हुआ। शहद का किसान जैव परिवर्तित सरसो का विरोध कर रहा है, लेकिन मोदी सरकार आगे बढ़ रही है।

02:44 PM, 18-Dec-2020

स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश लागू करने की बात सरासर झूठ हैः राकेश टिकैत

राकेश टिकैत ने पीएम मोदी की बात को गलत बताते हुए कहा कि किसानों से चर्चा की बात गलत है। किसान संगठनों से कानून को लेकर कोई चर्चा नहींं की गई। टिकैत ने ये भी कहा कि स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू करने का दावा सरासर झूठ है। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट विस्तृत है। स्वामीनाथन की सिफारिश में लागत में C2+ 50% जोड़कर देने की है। भाजपा ने चालाकी दिखाकर फार्मूला बदलकर A2+FL कर दिया, जिससे किसानों का हक मारा जा रहा है।

02:41 PM, 18-Dec-2020

किसानों को नहीं मोदी जी एग्री बिजनेस को बढ़ावा दे रहे हैंः राकेश टिकैत

भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि मोदी जी भंडारण हेतु ढांचे की बात कर रहे हैं। लेकिन अपील कॉरपोरेट से कर रहे हैं, इसका मतलब मोदी जी किसान को नहीं एग्री बिजनेस को बढ़ावा दे रहे हैं। खेती में निजीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं। नवरत्न कंपिनयों के निजिकरण के बाद मोदी जी की निगाह अब खेती के निजीकरण पर है। 

02:33 PM, 18-Dec-2020

गन्ना किसानों को 16 करोड़ की मदद देने की बात सबसे बड़ा झूठ है- राकेश टिकैत

पीएम मोदी के संबोधन के बाद भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि, मोदी जी के संबोधन में सबसे बड़ा झूठ ये है कि गन्ना किसानों को 16 करोड़ की मदद की जा रही है। यह मदद नहीं शुगर मिल पर किसानों का बकाया है उसका भुगतान शुगर मिल को करना था। अगर सरकार उसको दे रही है तो शुगर मिलों को मदद मिल रही है। सरकार अगर इसे इंसेंटिव के रूप में देती तो कोई लाभ होता है।

02:04 PM, 18-Dec-2020

नोएडाः किसानों ने सांकेतिक फांसी लगा किया प्ररदर्शन

नोएडा के दलित प्रेरणस्थल पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज दिन में सांकेतिक फांसी लगाकर प्रदर्शन किया।

01:15 PM, 18-Dec-2020

पूर्व सैन्य अधिकारी किसानों को संबोधित करते

किसानों के समर्थन में पूर्व सैन्य अधिकारी किसानों को संबोधित करते कर्नल गुरुदेव सिंह

12:48 PM, 18-Dec-2020

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज मध्य प्रदेश में किसानों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री देश के किसानों के सबसे बड़े हितैषी हैं। किसानों की जिंदगी बदलने वाले तीनों कृषि कानून प्रधानमंत्री ने लागू किए।
 

12:41 PM, 18-Dec-2020

राहुल ने पूछा- कृषि कानून कब खत्म किए जाएंगे?

राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बार फिर केंद्र सरकार और कृषि कानूनों पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया  है। आए दिन आंदोलनकारी किसानों की मौत को लेकर उन्होंने लिखा है, 'और कितने अन्नदाताओं को कुर्बानी देनी होगी? कृषि विरोधी कानून कब खत्म किए जाएंगे?'

11:50 AM, 18-Dec-2020

प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में एक दिन की भूख-हड़ताल पर द्रमुक और सहयोगी दल

तमिलनाडु में द्रमुक नीत विपक्षी दल केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन को समर्थन देते हुए शुक्रवार को एक दिन के अनशन पर बैठे। केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान तीन सप्ताह से अधिक समय से दिल्ली से लगी सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। द्रमुक के प्रमुख एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता एम. के. स्टालिन, पार्टी की सांसद कनिमोई और विपक्षी गठबंधन के अन्य दलों के नेता शुक्रवार को यहां प्रदर्शन में शामिल हुए।

10:58 AM, 18-Dec-2020

सुंदरलाल बहुगुणा ने किया आंदोेलनकारी किसानों का समर्थन

चिपको आंदोलन शुरू कर एक नई क्रांति लाने वाले नेता सुंदरलाल बहुगुणा भी किसानों के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि वह अन्नदाताओं की मांगों का समर्थन करते हैं।
 

10:07 AM, 18-Dec-2020

तोमर जी की चिट्ठी में कुछ नया नहीं हैः किसान नेता

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव श्रवण सिंह पंढेर ने कहा कि कमेटी बनाना समस्या का हल नहीं है, पहले भी किसानों ने छोटी कमेटी बनाने से इनकार किया था। तोमर जी ने कल जो चिट्ठी लिखी है वो देश को भ्रमित करने वाली है, उसमें कुछ नया नहीं है। कुछ नया होता तो हम उस पर टिप्पणी करते।
 

09:45 AM, 18-Dec-2020

संभल के किसानों को एसडीएम ने भेजा छह लाख तक का नोटिस

संभल के एसडीएम ने आंदोलन में शामिल होने वाले कई किसानों को नोटिस भेजा है। खबर है कि इनमें से 6 किसानों को 50 लाख तक के नोटिस भेजे गए हैं। इन पर गांवों के किसानों को भड़काने और कृषि कानूनों को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप है। वहीं जब एसपी से इस बारे में पूछा गया तो वह बोले कि छपाई में गलती हो गई थी। यह नोटिस 50 लाख नहीं 50 हजार का है। यह नोटिस एहतियात के तौर पर भेजा गया है ताकि किसान उग्र न हो, पत्थरबाजी न करें और किसी प्रकार की हिंसा न करें।

09:18 AM, 18-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर बनाए जा रहे तम्बू

सिंघु बॉर्डर पर किसान ठंड से बचने के लिए अधिक तम्बू की व्यवस्था कर रहे हैं। एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा कि हम अपने आप को लंबे समय के लिए तैयार कर रहे हैं। क्योंकि काले कानूनों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। यहां ठंड हो रही है, इसलिए हम और अधिक टेंट लगा रहे हैं।
 

09:08 AM, 18-Dec-2020

सुप्रीम कोर्ट की कमेटी पर हमें यकीन नहीं: किसान

किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी पंजाब के दयाल सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने जो कमेटी बनाई है उसमें हम यकीन नहीं रखते। अगर सरकार बातचीत करके काले कानून वापस लेती है तो ठीक, नहीं तो हम ये मोर्चा नहीं छोड़ेंगे।
 

09:01 AM, 18-Dec-2020

पीएम मोदी को किसानों से बात करनी चाहिए: दयाल सिंह

सिंघु बॉर्डर पर तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन आज अपने 23 वें दिन में प्रवेश कर गया है। भारतीय किसान मोर्चा के दयाल सिंह कहते हैं कि पीएम मोदी को किसानों से बात करनी चाहिए और कानूनों को वापस लेना चाहिए। हम इन कानूनों के खिलाफ अपनी लड़ाई नहीं छोड़ेंगे।

08:53 AM, 18-Dec-2020

झटीकरा बॉर्डर केवल दोपहिया और पैदल यात्रियों के लिए खुला: दिल्ली पुलिस

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, झटीकरा बॉर्डर केवल दोपहिया और पैदल यात्रियों के लिए खुला है। दिल्ली से नोएडा की ओर जाने वाले चिल्ला बॉर्डर का एक कैरिज-वे यातायात के लिए खुला है, हालांकि नोएडा से दिल्ली के लिए दूसरा कैरिजवे बंद है। 
 

08:39 AM, 18-Dec-2020

राकेश टिकैत ने पीएम मोदी के संबोधन की बातों को बताया झूठ, कहा- हमें 500 की भीख नहीं एमएसपी का हक चाहिए

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन 23वें दिन में प्रवेश कर गया है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने किसान आंदोलन में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। वहीं, कृषि कानूनों के खिलाफ तीन हफ्ते से जारी आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्यप्रदेश के किसानों के साथ संवाद करेंगे। इसी कार्यक्रम में करीब दो हजार पशु और मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें