राजधानी में बदमाश इतने बेखौफ हैं कि वे एक युवक की हत्या करने के बाद अब उसके पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। वह युवक के भाई व चश्मदीद गवाह पर बयान बदलने का दबाव रहे हैं।
आरोपी उस पर जानलेवा हमला भी करवा चुके हैं। पीड़ित की शिकायत पर छावला थाना पुलिस जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, संजीव कुमार सिंघल (42) सपरिवार मेन रोड गोयला डेयरी इलाके में रहता है। गोयला डेयरी में ही उसकी परचून की दुकान है। इस वर्ष एक मार्च की रात संजीव अपने छोटे भाई प्रवीण (36) के साथ दुकान बंद कर घर जा रहा था। वहां पहुंचे दो युवकों ने प्रवीण से रुपये हवाले करने को कहा। मना करते ही बदमाशों ने उसे गोली मार दी। उसके बाद दोनों वहां से फरार हो गये। उपचार के दौरान प्रवीण की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए डाबर हेड़ा गांव के दो बदमाशों विकास व गोलू को गिरफ्तार कर लिया। संजीव ने बताया कि गत 4 दिसंबर को अदालत में इस मामले की तारीख थी। सुनवाई से पहले सुबह एक अनजान नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले ने कहा कि तुम बयान बदल दो नहीं तो तुम्हारे परिवार को मार देंगे। संजीव के मुताबिक, इस वर्ष 8 सितंबर को भी अज्ञात बदमाशों ने उसपर गोली चलाई थी। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की थी। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित ने अदालत को भी इस बात से अवगत करवाया है। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।