आकाश की मौत के बाद रोते पड़ोसी और परिजन
- फोटो : अमर उजाला
ख्याला इलाके में विवाद के दौरान तीन लोगों को चापड़ मारने के मामले में शुक्रवार तड़के माता-पिता के बाद बेटे आकाश ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में तीसरी मौत होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। लोग सरकार से पीड़ित परिवार की मदद करने और आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे थे। तनाव को देखते हुए इलाके में आरएएफ को तैनात कर दिया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की। बाद में आला अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर वहां से हटाया।
शुक्रवार तड़के आकाश की मौत के बाद ख्याला में दिल दहलाने वाली घटना में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। इससे पूर्व आकाश की मां सुनीता और पिता वीरू ने दम तोड़ दिया था। अब परिवार में वीरू की एक शादीशुदा बेटी के अलावा उसकी एक छोटी बहन और भाई ही बचे हैं। आकाश की मौत की सूचना मिलते ही परिवार गमगीन हो गया।
परिवार वालों ने आकाश के शव को लेने से इंकार कर दिया। परिवार का कहना था कि अब उनके घर में कमाने वाला कोई शख्स नहीं है। नाबालिगों की देखभाल के लिए सरकार कोई ठोस कदम उठाए और बच्चों के भविष्य के बारे में सरकार कुछ सोचे। आकाश की मौत के बाद गुस्से को देखते हुए पुलिस ने इलाके में एहतियातन आरएएफ की तैनाती कर दी है।
लोग बोले-आरोपी को फांसी मिले
घटना के बाद लोग काफी गुस्से में हैं। उनका कहना है कि ऐसे आरोपी को तुरंत फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार सुबह गली के कुछ लोगों को थाने बुलाया गया था। उन लोगों से आरोपी की पहचान कराई गई। लोगों ने आरोपी की पहचान की। लोगों ने बताया कि आरोपी के चेहरे पर पछतावे का भाव नजर नहीं आ रहा था।