एनजीओ संचालक खुर्शीद अनवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती मणिपुर में है। पुलिस की टीम को एक-दो दिन में उसका बयान लेने के लिए मणिपुर भेजा जाएगा।
खुर्शीद अनवर के घर से मिले नोट से पता चला है कि आरोप लगने के बाद उन्होंने युवती से संपर्क करने का प्रयास किया था।
उनके घर से मिले कुछ पेज कंप्यूटर से प्रिंट आउट करके निकाले गए हैं। पुलिस के अनुसार, ऐसा लग रहा है कि जैसे वह इस नोट को किसी को भेजने वाले थे।
पुलिस को वहां से कुछ और भी कागजात भी मिले हैं। हालांकि, अभी खुर्शीद का मोबाइल नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में इसको सुइसाइड नोट नहीं कह सकते हैं।
इसमें उन्होंने खुदकुशी की बात नहीं की है। इसे पढ़ने से इतना जरूर पता चल रहा है कि वो आरोप लगने के बाद डिप्रेशन का शिकार हो गए थे। खुर्शीद ने नोट में लिखा है कि वह युवती से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा है।
पुलिस खुर्शीद की ई-मेल अकाउंट की भी जांच करेगी। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि वो आरोप लगने के बाद लोगों से क्या बात करते थे।