क्रॉसिंग्स रिपब्लिक एरिया स्थित सीनियर नेटवर्किंग इंजीनियर को अगवा कर खाकी वर्दीधारी कार सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की।
आरोप है कि बदमाश मोबाइल, क्रिकेट किट व लैपटॉप लूट कर ले गए। बावजूद इसके पुलिस ने वारदात के 48 घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
क्रॉसिंग्स रिपब्लिक निवासी अतुल जैन नोएडा सेक्टर 64 स्थित निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। बृहस्पतिवार तड़के वह ऑफिस से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थे।
करीब पौने चार बजे दो कार में सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रुकवा लिया। बदमाशों ने खाकी रंग की ड्रेस पहन रखी थी। खुद को पुलिसवाला बता कर उन्होंने चेकिंग के लिए कागज मांगे।
एक बदमाश ने अतुल को गन प्वाइंट पर लेकर कार की पिछली सीट पर धकेल दिया। कार में अगवा कर 20 मिनट तक घुमाते रहे।
थानारोड स्थित एटीएम में ले गए और अतुल से पैसे निकालने को कहा। एटीएम कार्ड न होने पर उन्हें पीटा और लूटपाट कर भाग गए।
रिटायर्ड इंस्पेक्टर की बेटी से हैंडबैग लूटा
बाइकर्स ने यूपी पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर आदिराम यादव निवासी शिकोहाबाद की बेटी सुनीता का हैंडबैग लूट लिया। वारदात नासिरपुर पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार रात हुई।
हैंडबैग में दो हजार रुपये, एटीएम आदि थे। हालांकि रिपोर्ट बैग गुम होने की लिखी गई। वहीं, बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने हापुड़ चुंगी पर तमंचे के बल पर महिला का हैंडबैग लूट लिया।
घटना की तहरीर अंग्रेजी में देने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसएसआई मिथिलेश उपाध्याय ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।
वहीं, अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर ईएमयू पैसेंजर ट्रेन से उतरते समय महिला रूबी निवासी विजयनगर गाजियाबाद का लुटेेरे ने कुंडल छीन लिया। शोर सुनते ही पब्लिक ने दो लोगों को दबोचा लिया।