एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) प्रमुख पद पर नियुक्ति को लेकर केंद्र व दिल्ली सरकार के बीच टकराव जारी है। शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में भी यह मामला खूब गूंजा। एसीबी प्रमुख मुकेश कुमार मीणा के खिलाफ नियम 107 के तहत चर्चा हुई और बर्खास्त करने की मांग की गई।
चर्चा के जवाब में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने एसीबी प्रमुख पर ही भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हवाला का मामला एसीबी प्रमुख पर चल रहा है। कहीं ऐसा तो नहीं की हवाला करोबारी इसके पीछे है।
सिसौदिया ने सदन को बताया कि एसीबी प्रमुख पद पर नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को सीक्रेट पत्र लिखा है, जिसमें मीणा के खिलाफ लगे आरोपों का जिक्र किया गया है। अब गृहमंत्री निर्णय लेंगे।
इससे पहले सदन में सत्ता पक्ष ने एसीबी के बहाने केंद्र सरकार पर हमला बोला। विधायक सरिता सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार उपराज्यपाल के सहारे दिल्ली सरकार के ईमानदार अधिकारियों को परेशान कर रही है और जिनपर भ्रष्टाचार के आरोप है उन्हें खुली छूट दे रखी है