मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मानना है कि जिनके घर पर आइसोलेशन में रहने का इंतजाम नहीं है, उनके लिए पूरी दिल्ली में अलग-अलग कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं। केजरीवाल बृहस्पतिवार दोपहर बाद छतरपुर स्थित राधा स्वामी सत्संग के मैदान में तैयार हो रहे कोविड केयर सेंटर का मुआयना करने के बाद बोल रहे थे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि राधा स्वामी सत्संग ने अपनी पूरी जगह कोविड आइसोलेशन सेंटर के लिए दी है। यहां 10,000 बेड तैयार किए जा रहे हैं। सेंटर पर ऐसे लोगों को रखा जाएगा, जिन्हें कोरोना के लक्षण नहीं है, लेकिन घर में जगह नहीं होने से उनको होम आइसोलेशन में नहीं रखा जा सकता।
केजरीवाल के मुताबिक, ऐसे बहुत से लोग हैं, जिनके घर में अलग से कमरा नहीं है, झुग्गियों में रहने वालों के पास अलग से ट्वायलेट नहीं है, ऐसे लोगों के आइसोलशन के लिए सरकार कोविड केयर सेंटर के तौर पर इंतजाम कर रही है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि यहां बड़े पैमाने पर बेड, डॉक्टर्स, एंबुलेंस आदि की व्यवस्था की जाएगी।
उम्मीद है कि जुलाई के पहले हफ्ते से पहले तैयार हो जाएगा। सरकार ने पहले कहा था कि तीस जून पर दिल्ली में 15 हजार बेड चाहिए होंगे, उसी दिशा की तरफ कदम उठाए जा रहे हैं। तयशुदा योजना के साथ सारी जरूरतें पूरी कर ली जाएंगी।
आईसीयू बेड की अभी दिक्कत
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि अभी ज्यादा आईसीयू बेड की जरूरत पड़ेगी। सरकार उसका इंतजाम कर रही है। यह देखा जा रहा है कि किस-किस हॉस्टल में कितने आईसीयू बेड चाहिए होंगे। जल्द ही इसका भी इंतजाम कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के साथ बैठक में विचार किया गया कि एनसीआर को एक इकाई मानते हुए कोविड से बचाया जाए क्योंकि एनसीआर को अलग नहीं किया जा सकता। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद यह सब एक ही है। दोनों राज्यों के एनसीआर के जिलों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।