केजरीवाल ने दिलीप पांडेय व सह-लेखिका चंचल शर्मा की पुस्तक का किया विमोचन
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि देश आज बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है। हर तरफ नफरत ही नफरत है। कई सारी कड़वी बातें कहानियों के जरिये लिखी जा सकती हैं।
अरविंद केजरीवाल शनिवार को माता सुंदरी महिला कॉलेज के नजदीक स्थित अवान-ए-गालिब ऑडिटोरियम में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व लेखक दिलीप पांडेय और सह-लेखिका चंचल शर्मा की पुस्तक टपकी और बूंदी के लड्डू का लोकार्पण करते हुए बोल रहे थे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत वरिष्ठ नेता व साहित्यकार मौजूद थे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के सामने मौजूद ज्वलंत मसलों को आज कहानियों के जरिये लाने की जरूरत है, जिसकी वजह से देश जल रहा है, उन मुद्दों को जनता तक ले जाना सबसे नेक काम होगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि दिलीप पांडेय में वह काबिलियत है कि वह अपनी कहानियों के जरिये बड़ी संख्या में लोगों से संवाद कायम कर सकें।
दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि राजनीतिक उलझनों के बीच दिलीप पांडेय ने अपनी लिखने की कला को सुरक्षित रखा, जो कि बहुत बड़ी बात है। यह पुस्तक बच्चों व उनके परिजनों के लिए फायदेमंद होगी। इससे बच्चों और परिजनों के बीच संवाद बढ़ेगा।