दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक घंटा दस मिनट इंतजार कराने की सजा कन्हैया को मिल गई है। अब केजरीवाल कन्हैया को मिलने का समय नहीं दे रहे हैं। दो बार आग्रह के बाद सरकार ने यह कहकर मिलने का समय देने से इनकार कर दिया है कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र है और अब मुख्यमंत्री व्यस्त हैं।
हालांकि समय न मिलने की असली वजह सीपीएम से लेकर एआईएसएफ उसे कन्हैया की गुस्ताखी की सजा मान रही है। वहीं, सुरक्षा के चलते कन्हैया का उत्तर प्रदेश में दो विवि का दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है।
एआईएसएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वली उल्ला खादिरी के मुताबिक, देशद्रोह के आरोप में जब कन्हैया गिरफ्तार हुए तो अरविंद केजरीवाल ने खुलकर समर्थन किया था।
इसी के चलते अंतरिम जमानत पर रिहा होने के बाद कन्हैया केजरीवाल का आभार जताना चाहते थे, लेकिन किसी कारण से वे नहीं पहुंच पाए। हालांकि मुख्यमंत्री ने एक घंटा से अधिक कन्हैया का इंतजार भी किया।