जंतर मंतर पर भूमि अधिग्रहण विधेयक के विरोध में रैली आयोजित करने से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ ऐसा संदेश दिया है जिससे नया बखेड़ा खड़ा हो गया है।
सूत्रों की मानें तो केजरीवाल सरकार की ओर से दिल्ली पुलिस को यह संदेश दिया गया है कि रैली के दौरान मीडिया के लोगों को केजरीवाल के नजदीक न पहुंचने दिया जाए।
हालांकि इस मसले पर जब दिल्ली के पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी से पूछा गया तो उन्होंने भी गोल-मोल जवाब दिया। बस्सी ने कहा कि सरकार और पुलिस के बीच होने वाली बातचीत गोपनीय होती है। ऐसी बातों को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
प्रधानमंत्री पर आप का हमला
इस दौरान पूर्व पत्रकार और आप नेता आशुतोष ने मीडिया से दूरी बनाए रखने के मामले पर सफाई देते हुए कहा कि यह बेहद हास्यास्पद खबर है कि केजरीवाल नहीं चाहते कि मीडिया उनके पास पहुंचे।
Funny that news is spread that Arvind doesn't want media around, does anybody ask why PM never takes Qs?: Ashutosh pic.twitter.com/FHoQ6SdqVf— ANI (@ANI_news) April 22, 2015
इस दौरान आशतोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कोई बताएगा कि क्यों प्रधानमंत्री मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं देते।
दिल्ली के पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने भी एएनआई से कहा कि मीडिया को दूर रखने का कोई आदेश उन्हें नहीं दिया गया है।
आप के समर्थकों को संसद जाने की अनुमति नहीं
इस बीच जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी की रैली शुरु हो गई है। उधर दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी को संसीद की ओर जाने की अनुमति नहीं दी है।
आप ने इस भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ प्रदर्शन के लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। बड़े पैमाने पर अयोजित इस रैली में छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, बुंदेलखंड और यूपी से किसानों के जमा होने की संभावना है।
इस रैली को सफल बनाने का जिम्मा आम आदमी पार्टी ने अपने विधायकों पर भी डाला है। दिल्ली में फिलहाल संसद की कार्यवाई चल रही है जिसको देखते हुए दिल्ली के इन इलाकों में पहले से धारा 144 लागू है।