अरविंद केजरीवाल ने कहा, मेरा एक सपना है। देश का हर आदमी भी यही चाहता है कि एक ऐसा समय आए, जब पूरी दुनिया में भारत का डंका बजे। यह समय आएगा भी। आने वाला भविष्य भारत का है। यह नई राजनीति से संभव होगा, जिस राजनीति की शुरुआत दिल्लीवालों ने की है। केजरीवाल के मुताबिक, दूसरे राज्यों को भी इसका पता चल गया है। किसी सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक बनाने शुरू कर दिए हैं, तो किसी ने 100 यूनिट, 75 यूनिट व 200 यूनिट बिजली मुफ्त करने की बात कही है। केजरीवाल ने कहा कि अब कोई नेता कहता है कि मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकतीं, तो वहां के लोग कहते हैं कि दिल्ली की ओर देखो।
अपने गांव में बोल देना कि आपका बेटा मुख्यमंत्री बन गया है
दिल्ली की बसावट के मिजाज के सहारे भी अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली का संदेश देश तक पहुंचाने की कोशिश है। केजरीवाल ने कहा कि सब लोग अपने-अपने गांव में बोल देना हमारा बेटा मुख्यमंत्री बन गया है। दिल्ली में देश भर के लोग रहते हैं। बड़ी आबादी उत्तर प्रदेश व बिहार की है।
गोपाल राय ने शहीदों की तो राजेंद्र पाल गौतम ने तथागत बुद्ध के नाम पर ली शपथ
गोपाल राय ने शहीदों के नाम से जबकि राजेंद्र पाल गौतम ने तथागत बुद्ध के नाम से पद व गोपनीयता की शपथ ली। इमरान हुसैन ने पद की शपथ अल्लाह तो गोपनीयता की शपथ ईश्वर के नाम से ली। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल समेत मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन व कैलाश गहलोत ने ईश्वर के नाम से पद व गोपनीयता की शपथ ली।