दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन उद्घाटन मंच से विरोधी राजनीतिक दल, अपनी पार्टी के विरोधी गुट और चैनलों पर खूब हमले किए। दिल्ली में सरकार बनाने के बाद से खुद और सरकार के खिलाफ षडयंत्र का हवाला देते हुए विरोधियों को भ्रष्टाचारी और ब्लैकमेलर करार दिया। राजनीतिक हमलों को एक षडयंत्र करार देकर पार्टी विरोधियों के लिए कहा अगर किसी को चौबीस घंटे में ख्याति प्राप्त करनी है तो केजरीवाल को गाली दे दो या ब्लॉग लिख दो।
केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व सरकारों के फेल होने के पीछे ईमानदार प्रधानमंत्री की कैबिनेट में पैसे लेने वाले सदस्यों के होने और अपनों के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं दिखाने के लिए निशाना साधा। भाजपा पर सीधे तौर पर मुकेश अंबानी का साथ देने के लिए एसीबी का अधिकार कम करने वाला आदेश निकालने का आरोप लगाया तो बाकी किसी दूसरी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया।