गुड़गांव में सावन की शिवरात्री के दिन डाक कांवड़ लेकर जा रहे दो कांवड़ियों को तेज रफ्तार से गुजर रहे वाहनों ने कुचल दिया। जिसमें दोनों को अपनी जान गंवानी पड़ी। एनएच आठ पर हुए पहले हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि दूसरे मामले में आरोपी फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर कांवड़ियों का जत्था गुजर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े चार बजे एनएच आठ पर पचगांव के पास तेज रफ्तार में पीछे से आ रही पिकअप ने डाक कांवड़ को क्रॉस करते हुए आगे चल रहे कांवड़िए को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल नहीं पहुंच पाया यात्री
एक कावड़िए के दुघर्टनाग्रस्त होने के बाद पीछे आ रही अन्य कांवड़ यात्रा भी रास्ते में ही रूक गई। एनएच आठ पर सुबह हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और डाक कांवड़ियों को निकालते हुए स्थिति संभाली।
पुलिस और अन्य कांवड़ियों की मदद से गंभीर रूप से घायल कांवड़िये को मेदांता अस्पताल ले जाया गया। जहां रास्ते में ही उसे दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तिजारा राजस्थान निवासी कालू उर्फ ईश्वर के रूप में हुई है।
कांवड़िये की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिकअप को गिरफ्तार कर लिया। मानेसर थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी चालक की लापरवाही से हुई है।
ये कैसी कांवड़ यात्रा
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार सुबह ही सुल्तानपुर झील के पास डाक कांवड़ यात्रा का सहयोग कर रहे संदीप (21) को किसी तेज रफ्तार में आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी।
उस वक्त कांवड़ियां स्पलेंडर बाइक पर था। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद फर्रूखनगर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।