प्रताप विहार में सोमवार तड़के घर में घुसे दो बदमाशों को कश्यप दंपति ने बहादुरी दिखाते हुए दौड़ने पर मजबूर कर दिया। दंपति ने दोनों बदमाशों का मुकाबला किया। उनमें मारपीट भी हुई।
आखिर औजारों से भरा बैग छोड़कर बदमाश भाग गए। हालांकि बदमाश घर से लाखों की ज्वैलरी, 15 हजार कैश और अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। दंपति ने पुलिस से शिकायत की है।
प्रताप विहार एल ब्लॉक में शंकृत कश्यप परिवार के साथ रहते हैं। वह गौतम पब्लिक स्कूल में टीचर हैं। शंकृत के मुताबिक, ‘सुबह चार बजे मेरी पत्नी मोनिका की नींद खटपट होने पर खुली।
उन्होंने मुझे जगाने के लिए आवाज लगाई जिसे सुनकर घर में घुसे दो युवक भागने लगे। मैंने विरोध जताया तो उन्हाेंने मुझ पर हमला कर दिया। पत्नी ने बीच बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की।
हम दोनों ने शोर मचाते हुए उन्हें पकड़ लिया। लेकिन वे मारपीट कर खुद को छुड़ाकर घर के बाहर बाइक पर बैठे तीसरे साथी के साथ भाग गए। उनका बैग घर में रखा मिला, जिसमें दो पेचकस समेत कुछ फोटोग्राफ थे।
कमरे में जाकर देखा तो चार अंगूठी, हार, 15 हजार कैश और कीमती सामान गायब था।’
एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि टीचर ने शिकायत दी है। वहीं दूसरी ओर टीचर के पड़ोस में ही रहने वाले एक कैब चालक गौतम यादव के घर से भी चोर 5 हजार रुपये और मोबाइल चुरा ले गए।