जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कश्मीर पहुंचे पीएचडी के छात्रों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर अमर उजाला का आभार जताया है। छात्रों ने गुरुग्राम जिला पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अमर उजाला द्वारा की गई मदद को भी विस्तार से बताया है। छात्रों ने गुरुग्राम पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने थाने में जब्त की गई बाइक का पेट्रोल व उनका हेलमेट तक चोरी कर लिया। उन्हें उनकी जब्त की गई बाइक का भी पता नहीं बताया जा रहा था। ऐसे में अंजान शहर में पुलिस ने नहीं बल्कि अमर उजाला के प्रतिनिधि ने उनकी सहायता की।
वायरल की गई वीडियो में कश्मीरी युवा एजाज अहमद भूरू व गुलाम मुस्तफा रेहतर ने बताया कि वह भोपाल में पीएचडी के छात्र हैं। घर पर परेशानी होने के कारण वह 14 अप्रैल को भोपाल से बाइक पर चले थे। गुरुग्राम जिला सीमा में प्रवेश करते ही 15 अप्रैल को बिलासपुर में उनकी बाइक जब्त कर उन्हें क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। 15 दिन का क्वारंटीन समय पूरा होने के बाद उन्हें घर भेजने की बजाय पटौदी के रैन बसेरे में भेज दिया। प्रशासन से वह पास देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक न सुनी।
इस पर उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए जिला प्रशासन की पोल खोली। इस दौरान एक व्यक्ति के माध्यम से उनका परिचय पटौदी अमर उजाला के प्रतिनिधि से हुआ। उनकी व्यथा सुनते ही उन्होंने प्रशासन से संपर्क कर उन्हें घर जाने की अनुमति दिलवाई। 8 मई को जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद दोनों छात्रों ने अपनी बाइक की तलाश की। आरोप है कि पुलिस उन्हें बिलासपुर से पटौदी थाने के चक्कर कटवाती रही। इस पर अमर उजाला ने उनकी सहायता करते हुए बिलासपुर थाने से उनकी बाइक बरामद करवाई।
छात्रों ने आरोप लगाया कि 15 अप्रैल को जब पुलिस ने बाइक जब्त की थी तो पेट्रोल टैंक भरा हुआ था। उनका हेलमेट भी पुलिस ने रख लिया। 8 मई को जब बाइक लेने गए तो पेट्रोल टैंक खाली मिला। बाइक पैट्रोल पंप तक नहीं पहुंच पाई। हेलमेट भी पुलिस ने नहीं दिया। पूछताछ करने पर पुलिस ने कह दिया कि थाने में खड़ी बाइक का पेट्रोल उड़ गया होगा। बाद में पुलिस ने मामला बिगड़ता देख दोनों छात्रों से समझौता करने की बात कही, जिसे छात्रों ने मना कर दिया।
छात्रों को अमर उजाला के प्रतिनिधि ने हेलमेट दिए। छात्रों ने आर्थिक मदद की पेशकश को मना कर दिया। छात्रों ने वायरल वीडियो में कहा कि जिस पुलिस से हर व्यक्ति को मदद की उम्मीद होती है वही पुलिस इस मुश्किल दौर में लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से मांग की कि थाने में खड़ी बाइक का जिन लोगों ने पेट्रोल व हेलमेट चोरी किया है, उनके खिलाफ अधिकारी कार्रवाई करें।