करवा चौथ के लिए राजधानी के सभी मुख्य बाजारों में चूड़ियां सस्ते दामों पर उपलब्ध हैं। शहजादी, नमस्ते, वैलवेट, फ्लोरा जैसे नाम के साथ ये चूड़ियां इन दिनों दिल्ली में ट्रेंड कर रही हैं। इसको लेकर बाजार गुलजार हो गए हैं।
आम बाजार से लेकर थोक बाजार में महिलाओं की आवक चरम पर है। सदर बाजार, लक्ष्मी नगर, करोल बाग समेत अन्य दूसरे बाजारों में चूड़ियों के अलावा बिंदी, सिंदूर, कड़े, कॉस्मेटिक, मेहंदी आदि की भी खूब डिमांड है। कारोबारियों के चेहरे खरीदारों को देखकर खिले हुए हैं।
दिल्ली प्रदेश बैंगल मर्चेंट एसोसिएशन के चेयरमैन विनोद जैन ने बताया कि दुकानों पर वैलवेट चूड़ी में महिला खरीदारों की खासा रुचि है। रजवाड़ी कड़े मेटल चूड़ियों के साथ लगकर खूब बिक रहे हैं।
इसकी वजह यह है कि आजकल मैचिंग सिस्टम का चलन है। लोग अलग-अलग रंगों के साथ उससे मिलता जुलता कड़ा या चूड़ी भी खरीद रहे हैं। इससे जुड़े कारोबारियों की अभी चांदी है।