कपिल मिश्रा की शिकायत पर एलजी ने आज केजरीवाल पर लगे आरोपों की जांच एसीबी को सौंप दी है जिसके बाद गृह मंत्रालय ने इस पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि केजरीवाल पर जांच होगी।
मंत्रीपद से बर्खास्त किए जाने के कपिल मिश्रा ने रविवार को केजरीवाल पर 2 करोड़ रुपए की घूस लेने का आरोप लगाया जिसके बाद सोमवार(8 मई) को आम आदमी पार्टी ने उनके आरोपों को लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस कर कई सवाल कपिल से पूछे हैं।
आप प्रवक्ता संजय सिंह ने इस प्रेस कांफ्रेंस में कपिल मिश्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कपिल के आरोपों के पीछे एक गहरी साजिश है। कपिल आज वही भाषा बोल रहे हैं जो महीनों से भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार बोल रही है।
संजय ने कुछ महीने पहले कपिल मिश्रा द्वारा दी गई रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उस वक्त तो कपिल ने कहा था कि एसीबी पर दबाव है और वो उन्हें वाटर टैंक मामले में फंसाना चाहती है। तो अब वही कपिल मिश्रा उसी एसीबी को टैंकर घोटाले के सबूत देने पहुंच गए।
संजय सिंह ने ये भी पूछा कि आखिर कपिल मिश्रा ये बात क्यों नहीं बता रहे हैं कि उन्हें रिश्वत लेते वक्त देखने के लिए किसने बुलाया, कितने बजे हुई ये घटना।
इसके बाद उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस उन्हें नैतिकता का पाठ ना पढ़ाएं। केजरीवाल इस्तीफा नहीं देंगे। जब उन्हें लगेगा तब वो इस मामले में बोलेंगे। मंत्रीपद से हटाए जाने की वजह कपिल मिश्रा बौखला गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को ये भी चुनौती दी कि हमारे 63-64 विधायक बचे हैं उन्हें भी उठाकर तिहाड़ में डाल दें जो करना है करें लेकिन हम डरने वाले नहीं है।
टैंकर घोटाला मामले में महत्वपूर्ण सबूत लेकर दिल्ली सरकार के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा सोमवार सुबह 11 बजे एंटी करप्शन ब्यूरो के दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एसीबी को सभी दस्तावेज सौंप दिए हैं। एसीबी दफ्तर से निकलकर कपिल मिश्रा ने जानकारी दी कि उन्होंने इस मामले में केजरीवाल और उनके दो साथियों पर फाइल दबाने और इस मामले की जांच को प्रभावित करने के लिए शिकायत की है। उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में शीला दीक्षित को बचाने की कोशिश हो रही है।
इसके साथ ही कपिल ने ये भी कहा कि वो एसीबी में सिर्फ टैंकर घोटाले की फाइल सौंपने आए थे लेकिन केजरीवाल पर जो उन्होंने आरोप लगाया है उसके लिए उन्होंने सीबीआई से टाइम मांगा है और आज दिन में कभी भी वो सीबीआई से मिल सकते हैं।
जनलोकपाल आंदोलन के गर्भ से पैदा हुई आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगा है। दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री व आप के संस्थापक सदस्य कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर दो करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार बम फोड़ा है। जब कपिल एसीबी के दफ्तर जा रहे थे उस वक्त उन्होंने पत्रकारों से कहा था कि मेरा, सत्येंद्र जैन और केजरीवाल तीनों का लाइ डिटेक्टर टेस्ट करा लिया जाए सारी बात साफ हो जाएगी। इससे पहले आज दिल्ली के उपराज्यपाल ने कपिल मिश्रा की शिकायत एसीबी को फॉर्वर्ड कर दी है।
I am going to ACB office on 11 am, in the morning: Kapil Mishra, sacked Delhi cabinet minister pic.twitter.com/NoS4rp5vPt
— ANI (@ANI_news) May 7, 2017
मिश्रा ने कहा कि सोमवार सुबह वह एक बार फिर एसीबी के दफ्तर में जाएंगे। वहां वह मामले की शिकायत करने के साथ गवाह बनने की बात करेंगे। कपिल मिश्रा ने दावा किया कि एसीबी को वह केजरीवाल के उन दो करीबियों का नाम भी बतायेंगे, जिनकी वजह से घोटाले की जांच रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
I am going to give two person's names to ACB in connection with tanker scam, Ashish Talwar and Vibhav Patel: Kapil Mishra pic.twitter.com/EF4FYrSplK
— ANI (@ANI_news) May 7, 2017
मंत्रिमंडल से हटाये जाने के दूसरे दिन रविवार दोपहर कपिल मिश्रा राजघाट पहुंचे। महात्मा गांधी को याद करने के बाद मीडिया से बात करते हुये कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले उनकी आंखों के सामने स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने केजरीवाल को दो करोड़ रुपये कैश दिये।
मिश्रा ने बताया कि उन्होंने इसके बारे में केजरीवाल से पूछा तो केजरीवाल ने जवाब देने से इनकार करते हुये नसीहत दी कि राजनीति में कुछ बातें होती हैं जो बताई नहीं जा सकतीं।