कांवड़ यात्रा एक अगस्त से शुरू होने जा रही है। इसको लेकर जिला पुलिस ने तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मथुरा, राजस्थान और पलवल की तरफ जाने वाले हजारों कांवड़ियों का रैला फरीदाबाद के रास्ते गुजरेगा।
लेकिन हर साल नेशनल हाईवे पर लगने वाले कांवड़ शिविर इस बार नहीं लग सकेंगे। शिविर केवल बाईपास और नहर के साथ वाली सड़क पर लगाए जा सकेंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह डायवर्जन के चलते ट्रैफिक पुलिस ने यह निर्णय लिया है। इसके साथ ही कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैफिक और थानों ने मिलकर रोडमैप तैयार किया है, जिससे कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्तों को कोई परेशानी न हो।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस बार पलवल की तरफ जाने वाले कांवड़ियों को हाईवे से नहीं गुजरने दिया जाएगा। कालिंदी कुंज से सीधे नहर के किनारे बाईपास होकर इन्हें सीधे बल्लभगढ़ की तरफ रवाना किया जाएगा।
पहले हाईवे पर दर्जनभर स्थानों पर कांवड़ शिविर लगा करते थे, लेकिन इस बार हाईवे पर जगह-जगह डायवर्जन की वजह से जाम की समस्या बढ़ सकती है। वहीं, ट्रैफिक के भारी दबाव के बीच कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रख बाईपास पर शिविर लगाने की मंजूरी दी जाएगी।
हर शिविर में दो पुलिसकर्मी, एक होमगार्ड
कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के भी इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रत्येक शिविर में दो पुलिसकर्मियों के साथ एक होमागार्ड तैनात किया जाएगा।
इसके अलावा सड़क पर व्यवस्था बनाने के लिए चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। चौराहों पर कांवड़ियों के लिए अलग से लेन बनाई जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
कांवड़ यात्रा के लिए पुलिस को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत पुलिस को कांवड़ियों के रूट पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। इसके अलावा असामाजिक तत्वों को चिन्ह्ति कर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों के आसपास सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के निर्देश आला अधिकारियों की तरफ से दिए गए हैं।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए इस बार सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी कराने का निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस ने मिलकर इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम लगातार इसके लिए सर्वे कर रही है। एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों की भी व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस की तैयारी
-हरिद्वार व ब्रज घाट से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ यात्रियों, जिनको बल्लभगढ़, पृथला, पलवल, कोसी मथुरा जाना होगा उनको पुलिस हाइवे से नहीं गुजरने देगी।
-कांवड़ियों के लिए आगरा नहर के साथ रास्ता बनाया जाएगा। इस मार्ग पर वाहनों का संचालन बंद रखा जाएगा। नहर से आगे बाईपास पर भी जरूरत पड़ने पर ही भारी वाहनों का डायवर्जन किया जा सकता है।
-आगरा नहर और बाईपास रोड पर ही शिविर लगाने की अनुमति दी जा रही है। शिविर के पास पुलिस नाके लगाकर रास्ता बंद रखेगी। डाक कांवड़ के लिए भी पुलिस का यही रोडमैप रहेगा।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की तरफ से तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस बार हाईवे पर कोई शिविर नहीं लगेगा, कम से कम कांवड़ यात्रियों को हाईवे से निकाला जाएगा। अतिरिक्त पुलिस का भी इंतजाम किया जा रहा है। -सुभाष चंद्र, सएचओ-ट्रैफिक पुलिस