सिविल अस्पताल में शुक्रवार को डॉक्टरों की लापरवाही का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से मरीज बीमार 19 साल की काजल को डॉक्टरों ने बिना देखे ही सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
इसको लेकर परिजनों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि डॉक्टरों ने बीमारी का नाम तक बताना मुनासिब नहीं समझा। मौके पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों को भी झिझकते हुए डॉक्टरों ने कह दिया कि और भी बहुत काम है।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बचपन से अक्षम काजल की तबीयत खराब होने के बाद उनके परिजन सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। लेकिन, करीब एक घंटे तक बेड पर रहने के बावजूद कोई डॉक्टर देखने नहीं आया।
काजल के चाचा राजेश का कहना है कि कई बार डॉक्टर के कक्ष में गए, लेकिन कोई देखने तक नहीं आया। दो बार नर्स आई और बिना कुछ किए चली गई। एक घंटे बाद डॉक्टर काजल को बिना नब्ज टटोले मामला गंभीर बताकर सफदरजंग रेफर कर दिया।