उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई प्रदेशों में पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में शनिवार को सिटी प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों ने नगर निगम स्थित मीडिया सेंटर से बीके चौक तक काले बिल्ले लगाकार जुलूस निकाला।
पत्रकारों पर हो रहे हमले की निंदा की। जुलूस के बाद सैकड़ों पत्रकार सेक्टर-15ए स्थित जिला उपायुक्त डॉ. अमित कुमार अग्रवाल के आवास पर पहुंचे और उन्हें ज्ञापन दिया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकारों पर हमला किया जाना गंभीर मामला है।
माफिया किस्म के लोग पुलिस अधिकारियों के संरक्षण से पत्रकारों पर हमले कर रहे हैं। क्लब के अध्यक्ष बिजेंद्र बंसल ने कहा कि यूपी के शाहजहांपुर में पत्रकार जगेंद्र की हत्या, इसका उदाहरण है।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा को सभी सरकारें अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझें और हमलों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। ज्ञापन देने वालों में क्लब के संरक्षक उत्तमराज, सूरजमल, महेंद्र चौधरी सहित शहर के सभी प्रमुख अखबारों और चैनलों के पत्रकार शामिल रहे।