फरीदाबाद के ओल्ड रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को महिला बोगियों में सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ दो घंटे तक चलाए गऐ अभियान में सिर्फ 8 यात्रियों के पकड़े जाने से पुलिस सक्रियता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अभियान में शामिल रहे पुलिस अधिकारी इसी को लेकर वाहवाही लूट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सहायक पुलिस आयुक्त शकुंतला ने रैपिड एक्शन फोर्स, आरपीएफ और जीआरपी के साथ मिलकर ओल्ड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर महिला बोगी में सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस संयुक्त अभियान में एक दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिसकर्मियों ने सुबह 9 बजे से 11 बजे तक दिल्ली से पलवल और पलवल से दिल्ली की ओर जाने वाली गाडिय़ों की जांच की। इस दौरान सिर्फ आठ यात्री महिला बोगी में सफर करते हुए पकड़े गए।
आठ यात्रियों को पकड़कर पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है जबकि दो घंटे के ऑपरेशन में दर्जनों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में इतने कम यात्रियों के पकड़े जाने पर उनकी सक्रियता पर ही सवाल खड़ हो गए हैं।
इस बात की पुष्टि करते हुए आरपीएफ प्रभारी पीके वर्मा ने बताया कि संयुक्त अभियान में 8 लोग पकड़े गए। उनका रेलवे एक्ट के तहत चालान किया गया है।