प्रताप विहार में प्रस्तावित मिनी डंपिंग ग्राउंड निर्माण में फिर अड़ंगा लग गया। स्थानीय लोगों ने डंपिंग ग्राउंड की जमीन पर अपना मालिकाना हक का दावा कर विरोध कर दिया।
ऐसे में जल निगम द्वारा की जा रही जमीन की बाउंड्रीवाल का काम रूक गया है। अब नगर निगम और तहसील की टीम ज्वाइंट पैमाइश कर सरकारी जमीन चिह्नित करेंगे। इस जमीन को जल निगम की सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) शाखा को हैंडओवर किया जाएगा।
प्रताप विहार में नगर निगम को 400 मीट्रिक टन क्षमता का सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाना है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को इस प्लांट के लिए करीब 10 एकड़ जमीन दी जानी है।
नगर निगम ने प्रताप विहार में जगह चिह्नित कर इस पर काम शुरू कराया तो कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। संपत्ति विभाग के अधिकारियों ने बीते मंगलवार को जमीन का मुआयना किया।
उप नगर आयुक्त व संपत्ति प्रभारी अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि दो दिन में जमीन की संयुक्त पैमाइश कराकर सरकारी जमीन को चिह्नित करा लिया जाएगा।
जमीन चिह्नित कर एक सप्ताह में सीएंडडीएस को हैंडओवर कर दी जाएगी। ताकि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का काम शुरू हो सके।