मुख्यमंत्री विजयन के साथ आईशी घोष
- फोटो : ANI
नकाबपोशों के हमले के कारण एक बार फिर विवाद में आए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रसंघ की अध्यक्ष आईशी घोष ने शनिवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात दिल्ली के केरल भवन में हुई।
मालूम हो कि दिल्ली पुलिस ने जेएनयू कैंपस में गत रविवार को हुई हिंसा के मामले में 9 आरोपी छात्रों की पहचान कर ली है। इनमें जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष आईशी घोष का नाम भी सामने आ रहा है। आरोपियों में आईशी घोष समेत सात वामपंथी संगठन से और दो एबीवीपी से जुड़े हैं। पुलिस ने सबूत के तौर पर इनके पोस्टर भी जारी किए हैं। हालांकि इनमें से अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस जल्द ही इन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजेगी।
पुलिस की ओर से आरोपियों के फोटो जारी किए जाने के बाद जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष आईशी घोष ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने जांच व कार्रवाई ठीक से नहीं की है। उन्होंने कहा कि कैंपस के अंदर नकाबपोश भीड़ ने मुझ पर हमला किया। हमारे पास भी सबूत हैं कि नकाबपोश गुंडे कौन थे? हमने कुछ गलत नहीं किया, इसलिए डर नहीं लगता।
आईशी घोष का कहना है कि कन्हैया कुमार के बाद अब मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। हमारे पास भी सबूत हैं, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई तक नहीं की। केंद्र सरकार के उच्च शिक्षा सचिव अमित खरे के साथ विवाद सुलझाने पर शुक्रवार को हुई बैठक के बाद बाहर निकलते ही छात्रसंघ अध्यक्ष को आरोपी बनाए जाने की सूचना मिली।