- यूजीसी नेट जून 2025 का 22 जुलाई को परिणाम होगा घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यूजीसी नेट जून 2025 के परिणाम की तारीख की घोषणा होने के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी दाखिला पंजीकरण की तारीख बढ़ाने की मांग की है। जेएनयू में पीएचडी में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। इच्छुक उम्मीदवार 22 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पीएचडी में दाखिले नेट/जेआरएफ/गेट के स्कोर से होंगे।
छात्र संघ के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने दावा किया कि छात्र संघ के हस्तक्षेप के बाद संभव हुआ है। बृहस्पतिवार को छात्र संघ की उपाध्यक्ष मनीषा, सचिव मुंतेहा फातिमा सहित कई दूसरे छात्रों के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यालय पहुंचकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) निदेशक के नाम अपनी मांगों का पत्र सौंपा। उसके कुछ समय बाद एनटीए ने 22 जुलाई को परीक्षा परिणाम जारी करने की घोषणा की। परीक्षा परिणाम में देरी के कारण उम्मीदवारों में व्यापक चिंता थी कि बिना यूजीसी नेट के अंकों के वह दाखिला के लिए पंजीकरण कैसे करें।
उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग विश्वविद्यालयों में दाखिला की प्रक्रिया चल रही है। इसमें जेएनयू भी शामिल है, जहां पीएचडी दाखिला को लेकर प्रक्रिया जारी है। अब यूजीसी नेट के परीक्षा परिणाम को लेकर घोषणा हो गई है। उम्मीद है कि अब जेएनयू प्रशासन भी पीएचडी दाखिला की पंजीकरण की तारीख में विस्तार करेगा। तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर प्रशासन पर दबाव बनाएंगे।