औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव विसुंधरा में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष के मकान के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये से अधिक की नकदी और करीब 38 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय पीड़ित का परिवार बुलंदशहर के एक अस्पताल में था, जहां पीड़ित की पत्नी ने बीते दिनों एक कन्या को जन्म दिया था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव विसुंधरा निवासी मणिप्रताप चौहान लखावटी मंडल के भाजयुमो अध्यक्ष हैं। तीन दिन पहले मणिप्रताप चौहान की पत्नी गुंजन चौहान ने बेटी को जन्म दिया था। इसके चलते पूरा परिवार बुलंदशहर के एक निजी अस्पताल में ही था। रविवार देर रात अज्ञात चोर मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर दाखिल हुए और वहां सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखी 2.25 लाख रुपये की नकदी, 21 सोने की अंगूठी, दो सोने के गले के हार, 12 सोने की हाथों की चूड़ी, छह जोड़ी सोने के कानो के कुंडल, दो मंगलसूत्र, दो तगड़ी, एक हाथ का फूल, टीका, दो नथ, दो कंठी, छह जोड़ी पाजेब, सोने का पैंडल, सोने की माला अन्य सामान समेत करीब 38 लाख रुपये कीमत के जेवरात व अन्य सामान चोरी करके ले गए।
सारा सामान इधर-उधर पड़ा था
रात करीब डेढ़ बजे मंडलाध्यक्ष मणिप्रताप चौहान गांव पहुंचे तो उन्हें मकान का ताला टूटा पड़ा मिला। पड़ोसी संजय को आवाज देकर जगाया। मकान के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर पड़ा था। पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। चोरी की बड़ी वारदात की जानकारी पर थाना प्रभारी भारी पुलिस फोर्स ओर फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लेकर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चांदी के सिक्के और बिछुए छोड़ गए
मणिप्रताप चौहान ने बताया कि वह रविवार रात नौ बजे घर से खाना लेकर हॉस्पिटल गए थे तो मकान की लाइट जलाकर गए थे। वापस आकर देखा तो मकान की लाइट बंद मिली। जाते समय चोर चांदी के सिक्के, बिछुए और कुछ खुले पैसे छोड़कर चले गए।
पुलिसकर्मी के यहां हुई लाखों की चोरी का खुलासा नहीं
बता दें कि गांव विसुंधरा निवासी यूपी पुलिस में तैनात प्रेमपाल के यहां कुछ दिन पूर्व अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर लाखों के नकदी, जेवरात समेत अन्य सामान चोरी करके ले गए थे। थाना पुलिस आज तक इस चोरी का भी खुलासा नहीं कर सकी हैं, जिस कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। कुछ अहम सुराग मौके से हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।