नई दिल्ली। भारत मंडपम में 26 से 28 सितंबर तक दिल्ली ज्वेलरी एंड जेम फेयर का 14वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया की ओर से आयोजित मेले में 650 से अधिक प्रदर्शक, 3000 से ज्यादा ब्रांड और 1.5 लाख से अधिक डिजाइन देखने को मिलेंगे। मेले में हल्के वजन, आधुनिक और बाजार की मांग के अनुरूप आभूषणों पर विशेष जोर रहेगा।
आयोजकों के मुताबिक, मेले में चांदी के आभूषणों के लिए विशेष मंडप के साथ आभूषण बनाने वाली मशीनरी के लिए बड़ा हॉल भी होगा। खुदरा कारोबार से जुड़े लोगों के लिए ज्वेलरी रिटेल संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी।
इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने कहा कि भारत का रत्न और आभूषण बाजार 2030 तक 130 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। आयोजन के दौरान खुदरा आभूषण क्षेत्र से जुड़े पुरस्कारों के साथ शक्ति पुरस्कार और युवा प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाले पुरस्कार भी दिए जाएंगे। संवाद