दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक ज्वेलर को गिरफ्तार कर लिया है। जो लोगों को लुभावनी स्कीम में निवेश करने का झांसा देकर अपना शिकार बनाया करता था। आरोपी हर माह लोगों से लाखों रुपये का निवेश करवाकर लकी ड्रॉ के जरिए एक लाख रुपये तक का सोना जीतने का लालच देता था।
आरोपी करोलबाग में श्री बालाजी ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाता था। आरोपी की पहचान सतनगर, करोलबाग निवासी पंकज सोनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में 124 शिकायतकर्ताओं ने आर्थिक अपराध शाखा में आरोपी के खिलाफ ठगी की शिकायत की थी। पीड़ित सविता सहित अन्य शिकार हुए लोगों ने बताया कि पंकज विभिन्न तरह की कमेटी चलाता था। इनमें धन लक्ष्मी और श्री बालाजी लक्की ड्रॉ शामिल है।
आरोपी प्रतिमाह निवेश करने पर लक्की निवेशक को एक लाख रुपये का सोना देने का लालच देता था। कई निवेशकों ने लाखों रुपये निवेश कर दिए थे। आरोपी ने कहा कि यदि लोग लक्की ड्रॉ नहीं जीते तो उन्हें 20 महीने बाद जमा पैसे पर अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए कुछ महीने तक ड्रॉ भी निकाला। लाखों रुपये जमा होने के बाद दुकान बंदकर फरार हो गया। आरोपी करोलबाग में किराये के मकान में रहता था। साल 2018 से लोगों को ठग रहा था। पुलिस ने आरोपी को बीती 20 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। फरार होने के बाद वह राजस्थान चला गया और बाद में दिल्ली आ गया।