-शाहदरा जिला के शाहदरा फ्लाईओवर पर सोमवार रात हुआ हादसा
- जेसीबी कब्जे में लेकर चालक को किया गया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा फ्लाईओवर पर सोमवार रात जेसीबी ने स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने निशा (28) और साहिबाबाद यूपी निवासी साबिर (30) को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां निशा को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, साबिर का इलाज जारी है। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर चालक बॉबी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है। शाहदरा थाना पुलिस मामला दर्ज सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पड़ताल कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सोमवार रात करीब सवा दस बजे जेसीबी और स्कूटी के बीच टक्कर की खबर मिली थी। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि निशा की शादी पांच साल पहले एमएस पार्क निवासी रवि कश्यप से हुई थी। वह अशोक नगर इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। वह नंद नगरी बी-5 में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। सोमवार की रात युवक के साथ ब्यूटी पार्लर का सामान लेने निकली थी। इस बीच हादसे का शिकार हो गई।