जैश ए मोहम्मद व लश्कर ए तैयबा देश में जल्द ही पुलवामा जैसा आतंकी हमला कर सकते हैं। रिफाइनरी, धार्मिक और ऐसी जगह जहां विदेशी ज्यादा ठहरते हैं, इनके निशाने पर हैं।
देश में पिछले तीन-चार महीने में जो आतंकी गिरफ्तार हुए हैं उनसे पूछताछ में यह जानकारी मिलने के बाद खुफिया विभाग ने गृहमंत्रालय के जरिए देश के सभी राज्यों के पुलिस प्रमुखों को बृहस्पतिवार शाम लिखित में इनपुट्स भेजे हैं।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आतंकी हमले के संबंध में खुफिया विभाग से इनपुट्स मिले थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस को वायरलैस मैसेज कर इनपुट्स के बारे में बताया गया। सभी जिलों की पुलिस के अलावा स्पेशल सेल व अपराध शाखा को भी इससे अवगत करवाया गया है।
बताया गया है कि पिछले तीन-चार महीने में जो आतंकी गिरफ्तार किए गए हैं उनसे पूछताछ में पता चला है कि जैश ए मोहम्मद व लश्कर ए तैयबा देश में आतंकी हमला करने की फिराक में हैं। इन्होंने कई जगह रैकी भी कर ली है।
एयरपोर्ट व मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई
आतंकी संगठन भारत में उन जगहों को निशाना बनाना चहाते हैं, जहां विदेशी ज्यादा आते हैं या ठहरते हैं। आईजीआई के अलावा अन्य हवाई अड्डों व मेट्रो की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है। हर दो घंटे में सुरक्षा का जायजा लिया जा रहा है। एयरपोर्ट पर तो सुरक्षा इस कदर कर दी गई है एमजीआर कर्मचारी व दिल्ली पुलिसकर्मियों की भी चैकिंग की जा रही है।
इन जगहों की भी सुरक्षा बढ़ाई
नेशनल डिफेंस कॉलेज, सेना भवन, इजरायल एंबेसी, यूके व यूएसए एंबेसी, इंडिया गेट, चीफ जस्टिस हाउस, दिल्ली एयरपोर्ट पार्किंग एरिया, राष्ट्रपति भवन, दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली यूनिवर्सिटी, एम्स, अक्षरधाम मंदिर, लालकिला एरिया, संसद, विदेश मंत्रालय, आईआईटीएफ, मेन बाजार पहाड़गंज, मॉल्स व सिनेमा हॉल, दिल्ली हाट व आईएनए मार्केट, पालिका बाजार, चांदनी चौक, सरोजनी नगर मार्केट, सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट, लक्ष्मीनारायण मंदिर, लोटस टेम्पल, मेट्रो रेल नेटवर्क, कुतुबमीनार, और लालकिला।