जामिया ने ओरेकल अकादमी के साथ की साझेदारी
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विश्वविद्यालय प्लेसमेंट सेल ने ओरेकल अकादमी के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी की है। इसके तहत छात्रों और शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड कंप्यूटिंग और अन्य उभरती तकनीकों में मुफ्त ऑनलाइन संसाधन उपलब्ध होंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में नवीनतम कौशल प्रदान करना और उनके कॅरिअर को नई दिशा देना है।
साझेदारी के तहत, ओरेकल के तकनीकी स्टाफ के प्रमुख सदस्य हबीबुर रहमान ने यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल के सेमिनार कक्ष में रेसिलिएंट नेवर-डाउन एप्लिकेशन के लिए ओरेकल 23एआई वितरित डेटाबेस और एआई/एमएल रुझानों पर एक व्यावहारिक व्याख्यान प्रस्तुत किया। रहमान ने ओरेकल 23एआई डेटाबेस की विशेषताओं, एआई और डेटाबेस तकनीकों के नवीनतम रुझानों, और बीटेक व एमटेक छात्रों के लिए ओरेकल अकादमी के संसाधनों के लाभों पर विस्तार से चर्चा की। रहमान ने न केवल तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला, बल्कि उभरते आईटी रुझानों और साक्षात्कार की तैयारी से संबंधित छात्रों के सवालों के जवाब भी दिए। छात्रों ने इस अवसर को अत्याधुनिक तकनीक और कॅरिअर मार्गदर्शन की मिसाल बताया। ब्यूरो