जामिया में फायरिंग करने वाला शख्स
- फोटो : अमर उजाला
जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा नागिरकता संसोधित कानून के खिलाफ निकाले जा रहे मार्च के दौरान 30 जनवरी को भीड़ पर फायरिंग करने वाले नाबालिग को लेकर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम जांच के लिए जेवर लेकर पहुंची है। जांच में पता चला है कि नाबालिग ने जिस तमंचे से फायरिंग की थी वह उसके किसी दोस्त में लाकर दी थी।
पुलिस ने नाबालिग के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है और जांच के लिए अपने साथ अलीगढ़ ले गई है। नाबालिग के दोस्त से पूछताछ में पता चला है कि वह यह तमंचा अपनी ससुराल के किसी युवक से लेकर आया था और नाबालिग को दिया था।
नाबालिग आरोपी की होगी काउंसलिंग
जामिया इलाके में सीएए के खिलाफ निकाले जा रहे मार्च में गोली चलाने के आरोपी नाबालिग की पुलिस काउंसलिंग कराएगी। इसके पीछे मकसद उसकी सोच को बदलना है। पुलिस के मुताबिक, उसके दिमाग में एक समुदाय के खिलाफ जहर भरा है। इसे मनोवैज्ञानिक की मदद से दूर किया जाएगा। इसके अलावा, उसकी सोशल मीडिया की पूरे एक महीने की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।
जामिया गोलीकांड में फायरिंग करने वाले युवक से लाल बैग बरामद हुआ था। गोली चलाने से पहले उसने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर कुछ लाइव वीडियो अपलोड किए थे। इनमें उसके कंधे पर लाल बैग दिख रहा है। गोलीबारी की घटना के बाद यह बैग सड़क पर पड़ा मिला था। बैग के अंदर से कुछ चौंकाने वाली चीजें मिली हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बैग में से कुछ कागज मिले हैं। इनमें से एक पर लिखा है ‘मंदिर वहीं बनाएंगे’। एक अन्य कागज पर दाहिनी तरफ दो भगवा झंडों की तस्वीरें बनी हैं। इसी के बाद उसकी मानसिक स्थिति का आकलन किया जा रहा है।