-जामिया को दाखिला के लिए एक लाख से अधिक मिले थे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की एंड सेमेस्टर परीक्षाएं, 2026-27 की प्रवेश परीक्षाएं और परीक्षा परिणाम रिकॉर्ड समय में सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 2 से 25 मई 2026 के बीच 280 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रमों की एंड सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित की गईं, जिनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों के लगभग 20 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने छात्रों और शिक्षकों के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की, जिसके चलते करीब 800 परीक्षा परिणाम निर्धारित समय सीमा के भीतर घोषित किए गए। पहली बार राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप स्वयं पाठ्यक्रमों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं परीक्षा प्रणाली में शामिल किया गया। साथ ही मल्टीपल एंट्री व्यवस्था भी लागू की गई।
सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय को एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। प्रवेश परीक्षाएं 16 शहरों में आयोजित की गईं। 25 पाठ्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी स्कोर के आधार पर, जबकि बीटेक में जेईई (मेन), बीआर्क में नाटा और आईटीईपी बीएड में एनसीईटी मेरिट के आधार पर होगा। जामिया स्कूलों की कक्षा छह, नौ और 11वीं में प्रवेश के लिए पांच शहरों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसके लिए 53,594 से अधिक आवेदन मिले।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. एहतेशामुल हक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पहली बार इंपरसोनेशन रोकने की तकनीक और मेटल डिटेक्टर लगाए गए। कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने कहा कि समयबद्ध परीक्षाओं और परिणामों से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी ने परीक्षा प्रणाली में बढ़ते ऑटोमेशन और इन-हाउस गोपनीय प्रिंटिंग सुविधा को पारदर्शिता और दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।