-अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) दिल्ली को बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मिली है। संस्थान का चयन यूरोपीय संघ (ईयू) इंडिया स्टूडेंट एंबेसडर नेटवर्क के लिए देश के 20 चुनिंदा उच्च शिक्षण संस्थानों में किया गया है। यह पहल भारत में यूरोपीय संघ के पब्लिक एंड कल्चरल डिप्लोमेसी प्रोग्राम के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य भारत और यूरोप के बीच शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
संस्थान के फैकल्टी सदस्य डॉ. जैनेंद्र शुक्ला ने कहा कि यह चयन आईआईआईटी-दिल्ली की वैश्विक पहचान का प्रमाण है। इससे छात्रों को अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से जुड़ने, छात्र विनिमय कार्यक्रमों में भाग लेने और भारत-यूरोप शैक्षणिक साझेदारी को मजबूत करने के अवसर मिलेंगे।
ईयू-इंडिया स्टूडेंट एंबेसडर के लिए चयनित पीएचडी शोधार्थी जोशिता यादव ने कहा कि यह मंच विभिन्न देशों के छात्रों और विशेषज्ञों के साथ संवाद तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगा। छात्र एंबेसडर हार्दिक मदान के अनुसार, इस पहल से भारतीय छात्रों को अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों की जानकारी और उनमें भागीदारी का अवसर मिलेगा। संस्थान ने कहा कि यह नेटवर्क छात्र गतिशीलता, कौशल विकास और वैश्विक शैक्षणिक साझेदारियों को नई मजबूती देगा।